रिपोर्ट : जुहैब अहमद – कानपुर
कानपुर जिले के घाटमपुर थानाक्षेत्र में बुधवार की देर शाम एक शादी समारोह के दौरान बड़ा हादसा हो गया। मेहंदी की रस्म के बीच अचानक गैस सिलेंडर से आग लगने के कारण दुल्हन समेत 12 लोग गंभीर रूप से झुलस गए। देखते ही देखते शादी वाले घर की खुशियां चीख-पुकार में बदल गईं। घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। सभी घायलों को इलाज के लिए पहले घाटमपुर सीएचसी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर सभी गंभीर घायलों को कानपुर रेफर कर दिया गया।
जानकारी के मुताबिक, घाटमपुर के जगन्नाथपुर गांव निवासी जगदीश की बेटी श्वेता की गुरुवार को शादी होनी थी। घर में मेहंदी कार्यक्रम चल रहा था और रिश्तेदारों के साथ मेहमानों की भीड़ जुटी हुई थी। महिलाएं गीत-संगीत में व्यस्त थीं, वहीं दूसरी ओर शादी के लिए भोजन तैयार किया जा रहा था। इसी दौरान खाना बनाते समय गैस सिलेंडर की पाइप से अचानक रिसाव शुरू हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, किसी को कुछ समझ आता उससे पहले ही गैस ने आग पकड़ ली और रसोई के आसपास तेज लपटें उठने लगीं। आग लगते ही घर में भगदड़ मच गई। परिवार और गांव के लोग आग बुझाने के लिए दौड़े, लेकिन इसी दौरान चूल्हे पर रखी गर्म तेल से भरी कढ़ाई पलट गई। उबलता तेल वहां मौजूद लोगों पर जा गिरा, जिससे कई लोग गंभीर रूप से झुलस गए।
हादसे में दुल्हन श्वेता, उसके पिता जगदीश, फोटोग्राफर शिवा समेत कुल 12 लोग घायल हो गए। घटना के बाद ग्रामीणों ने हिम्मत दिखाते हुए जलते सिलेंडर को घर से बाहर फेंका, जिससे बड़ा विस्फोट होने से बच गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
फिलहाल घायलों को चार एंबुलेंस की मदद से घाटमपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। अस्पताल में घायलों की हालत देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद सभी को बेहतर इलाज के लिए कानपुर रेफर कर दिया, जहां उनका इलाज जारी है।
घाटमपुर इंस्पेक्टर मनोज सिंह भदौरिया ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सिलेंडर पाइप से गैस रिसाव की बात सामने आई है। पुलिस और फायर विभाग पूरे मामले की जांच कर रहे हैं। शादी वाले घर में हुए इस हादसे के बाद पूरे गांव में मातम जैसा माहौल बना हुआ है।



