डिजिटल डेस्क, लखनऊ।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इन दिनों दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर हैं। शुक्रवार को उन्होंने पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर क्षेत्र में स्थित अपने पैतृक गांव पंचूर में रात्रि विश्राम किया, जबकि शनिवार सुबह गांव का भ्रमण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री का बेहद आत्मीय और भावुक रूप देखने को मिला, जिसकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।
गांव भ्रमण के दौरान सीएम योगी अपने नाते-रिश्तेदारों और ग्रामीणों से मिले। उन्होंने बच्चों को टॉफी-चॉकलेट देकर दुलारा और उनसे स्नेहपूर्वक बातचीत की। बच्चों के बीच घुलते-मिलते हुए मुख्यमंत्री ने मुस्कराकर कहा, “हम भी तुम्हारे दादा हैं।” उनकी यह बात सुनकर वहां मौजूद लोग भावुक हो गए।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ग्रामीणों से अपनी जड़ों से जुड़े रहने का आह्वान किया। उन्होंने लोगों को गांव में बसने और खेती-बाड़ी को अपनाने व बढ़ावा देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि पहाड़ों की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में कृषि और स्थानीय संसाधनों की अहम भूमिका है।
अपने दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने उस विद्यालय के नवनिर्मित कक्षों का उद्घाटन भी किया, जहां से उन्होंने कक्षा नौ तक की पढ़ाई की थी। यह पल उनके लिए भावनात्मक रहा। शिक्षा के प्रति उनका लगाव इस बात से झलकता है कि उन्होंने अपने अध्ययन स्थल के विकास को प्राथमिकता दी।

पंचूर गांव पौड़ी गढ़वाल के पहाड़ी क्षेत्र में स्थित है। यहां पहुंचकर एक बार फिर लोगों ने देखा कि उत्तर प्रदेश जैसे बड़े राज्य के मुख्यमंत्री की पारिवारिक पृष्ठभूमि कितनी साधारण रही है। सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद गांव से निकलकर योगी आदित्यनाथ का मुख्यमंत्री तक का सफर युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनता है।
गौरतलब है कि योगी आदित्यनाथ ने प्राथमिक शिक्षा गांव के विद्यालय से लेकर उच्च शिक्षा तक का सफर उत्तराखंड में ही तय किया। अपने जन्मस्थान से जुड़ाव और गांव के प्रति अपनापन उनके व्यक्तित्व का अहम हिस्सा है, जो इस दौरे के दौरान साफ तौर पर नजर आया।



