टेक दुनिया : दुनिया के सबसे लोकप्रिय इंस्टैंट मैसेजिंग प्लेटफॉर्म WhatsApp को लेकर एक बड़ी खबर सामने आ रही है। अब तक पूरी तरह मुफ्त रहने वाला यह ऐप जल्द ही अपने यूजर्स के लिए एक नया सब्सक्रिप्शन मॉडल लेकर आ सकता है। WhatsApp की पैरेंट कंपनी Meta एक प्रीमियम सर्विस “WhatsApp Plus” लॉन्च करने की तैयारी में है, जिसमें यूजर्स को कुछ एक्स्ट्रा और एडवांस फीचर्स के लिए पैसे खर्च करने पड़ सकते हैं।
हालांकि, सबसे जरूरी बात यह है कि WhatsApp का बेसिक वर्जन पहले की तरह फ्री ही रहेगा। यानी आम यूजर्स को मैसेज भेजने, कॉल करने, वीडियो कॉलिंग या ग्रुप बनाने जैसी सुविधाओं के लिए कोई चार्ज नहीं देना होगा। लेकिन जो यूजर्स एक्स्ट्रा फीचर्स चाहते हैं, उनके लिए Meta एक पेड ऑप्शन देने जा रहा है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, WhatsApp Plus सब्सक्रिप्शन लेने वाले यूजर्स को कई नए और खास फीचर्स मिल सकते हैं। उदाहरण के तौर पर, जहां अभी एक ग्रुप में सिर्फ 3 मैसेज ही पिन किए जा सकते हैं, वहीं प्रीमियम यूजर्स के लिए यह लिमिट बढ़ाकर करीब 20 मैसेज तक की जा सकती है। इसके अलावा ऐप में नए थीम्स, कस्टमाइजेशन ऑप्शन, एडवांस नोटिफिकेशन कंट्रोल और बेहतर चैट मैनेजमेंट जैसी सुविधाएं भी मिल सकती हैं।
Meta का यह कदम उन यूजर्स को टारगेट करता है जो WhatsApp को ज्यादा प्रोफेशनल या एडवांस तरीके से इस्तेमाल करना चाहते हैं। खासकर बिजनेस यूजर्स और कंटेंट क्रिएटर्स के लिए यह प्लान फायदेमंद साबित हो सकता है।
कीमत की बात करें तो रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि WhatsApp Plus की मंथली फीस करीब 2.94 डॉलर यानी लगभग 250 से 270 रुपये के बीच हो सकती है। हालांकि, कंपनी ने अभी तक इसकी आधिकारिक लॉन्च डेट या फाइनल प्राइसिंग का खुलासा नहीं किया है।
कुल मिलाकर साफ है कि WhatsApp पूरी तरह से पेड नहीं होने जा रहा, बल्कि यह एक “फ्रीमियम मॉडल” अपनाने की दिशा में कदम बढ़ा रहा है। यानी बेसिक सर्विस फ्री रहेगी, लेकिन एडवांस फीचर्स के लिए यूजर्स को सब्सक्रिप्शन लेना होगा। आने वाले समय में यह देखना दिलचस्प होगा कि यूजर्स इस नए बदलाव को कितना अपनाते हैं। फिलहाल जल्दी ही इसकी घोषणा होने की उम्मीद है ।



