बीजेपी प्रवक्ता और सांसद संबित पात्रा ने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि भारत आज विश्व मंच पर एक मजबूत स्तंभ बनकर उभर रहा है। उन्होंने दावा किया कि देश तीसरी नंबर की अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में तेजी से बढ़ रहा है और भारत को किसी तरह की असुरक्षा नहीं है।
राहुल गांधी के विदेश दौरों पर हमला
संबित पात्रा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के विदेश दौरों पर कटाक्ष भी किया। उन्होंने कहा— कि वो बाहर जाते हैं तो जो मन में आता है बोल देते हैं। राहुल कहते हैं कि देश की इकोनॉमी मरी हुई है, जबकि दुनिया भारत की विकास गति से प्रभावित है।

विदेश मंत्रालय को लेकर स्पष्टीकरण
विदेश दौरे पर मुलाक़ातों को लेकर कांग्रेस के आरोपों पर संबित पात्रा ने कहा कि यह विदेश मंत्रालय की सामान्य प्रक्रिया है। उन्होंने कहा— विदेश मंत्री का दायित्व होता है कि सरकार और प्रतिनिधियों के साथ मुलाक़ात करवाए। विदेशी डेलीगेशन तय करता है कि किससे मिलना है, विदेश मंत्रालय सिर्फ सुविधा मुहैया कराता है।
पुतिन के दौरे पर बोली बीजेपी
विपक्ष के बयान को लेकर संबित पात्रा ने यह भी कहा कि कांग्रेस ने यह बात उस समय उठाई, जिस दिन व्लादिमीर पुतिन जैसे वैश्विक नेता भारत आए हुए हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे समय में भारत की कूटनीति, नेतृत्व और अंतरराष्ट्रीय विश्वास पर सवाल उठाना “ग़ैर-ज़रूरी और राजनीतिक बयानबाज़ी” है।

भारत को कमतर दिखाने की कोशिश का आरोप
पात्रा का कहना है कि विपक्ष देश की वैश्विक छवि खराब करने की कोशिश कर रहा है, जबकि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की भूमिका लगातार मजबूत हो रही है। उन्होंने कहा—
जो लोग भारत को डेड इकोनॉमी कहते हैं, वे अपने ही देश को कम करके आंक रहे हैं। वास्तविकता यह है कि दुनिया भारत की ओर उम्मीद से देख रही है।



