रिपोर्ट : जुहैब अहमद जैबी – कानपुर संवाददाता
कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर जनपद के किदवई नगर इलाके के Y ब्लॉक में सोमवार की शाम एक रिहायशी मकान में अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेजी से फैलीं कि घर के अंदर मौजूद लोग बाहर निकलने का मौका भी नहीं पा सके। पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की चार गाड़ियां तुरन्त मौके पर रवाना की गईं। हालांकि शहर में शादियों का सीजन चलने के कारण सड़कों पर भारी ट्रैफिक जाम था, जिसकी वजह से फायर टेंडर्स को घटनास्थल तक पहुंचने में कुछ देरी हुई। स्थानीय निवासियों ने दमकल विभाग पर देरी से पहुंचने का आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई। दमकल अधिकारियों ने सफाई देते हुए कहा कि जाम के बावजूद सूचना मिलते ही गाड़ियां रवाना कर दी गई थीं और कर्मचारियों ने अपनी पूरी क्षमता से काम किया।
मकान से उठ रही ऊंची लपटों और घने काले धुएं के बीच कई जिंदगियां खतरे में थीं। दमकल कर्मियों ने अपनी जान की परवाह न करते हुए बहादुरी से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद उन्होंने इमारत के अंदर फंसे करीब 8 से 10 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस कार्रवाई की वजह से एक बड़ी अनहोनी टल गई और किसी भी व्यक्ति की जान नहीं गई। राहत की बात यह रही कि इस पूरे हादसे में कोई भी व्यक्ति घायल नहीं हुआ।
दमकल की चारों गाड़ियों ने इमारत को चारों तरफ से घेरकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया। लंबे समय तक पानी की बौछारें डालने के बाद अंततः आग को पूरी तरह बुझा लिया गया। अधिकारी ने पुष्टि की कि अब स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और इलाके में सामान्य स्थिति बहाल हो गई है। आग लगने का सटीक कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट या किसी अन्य तकनीकी खराबी की संभावना जताई जा रही है। दमकल विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंचकर जांच कर रही है। साथ ही सामान के नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है।
….



