Breaking
उत्तर प्रदेश

कानपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का जोरदार विरोध प्रदर्शन, असम सीएम हिमंत बिस्वा सरमा का पुतला फूंका

कानपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का जोरदार विरोध प्रदर्शन, असम सीएम हिमंत बिस्वा सरमा का पुतला फूंका

रिपोर्ट : जुहैब अहमद ( जैबी ) 

कानपुर। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा द्वारा कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे पर की गई अभद्र और आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में कानपुर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को बारादेवी चौराहे पर जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने काँग्रेस महासचिव विकास अवस्थी, जिलाध्यक्ष पवन गुप्ता, व वरिष्ठ कांग्रेसी नेता टिल्लू ठाकुर के नेतृत्व में हिमंत बिस्वा सरमा का पुतला फूंका और उनके खिलाफ जमकर नारे लगाए। इस दौरान पुलिस ने पुतला छीनने का प्रयास किया, लेकिन कार्यकर्ताओं के आक्रोश के कारण वह असफल रहा। बताते चले कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व के निर्देश पर देशभर में चल रहे विरोध प्रदर्शनों का हिस्सा बनते हुए कानपुर महानगर कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं ने बारादेवी चौराहे पर भारी संख्या में जुटकर अपना रोष जताया। कार्यकर्ता “हिमंत सरमा शर्म करो”, “खड़गे जी का अपमान नहीं सहेंगे”, “मोदी सरकार जवाब दो” जैसे नारे लगाते रहे। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा, लेकिन स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी।


प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि हिमंत बिस्वा सरमा का बयान न केवल मल्लिकार्जुन खड़गे का व्यक्तिगत अपमान है, बल्कि पूरे कांग्रेस पार्टी और उसके करोड़ों कार्यकर्ताओं का अपमान है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इस मुद्दे पर चुप्पी तोड़ने और हिमंत सरमा से माफी मांगने की मांग की।

इस दौरान कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव विकास अवस्थी ने कहा, “हिमंत बिस्वा सरमा जैसे लोग विपक्षी नेताओं का अपमान करके सस्ती लोकप्रियता हासिल करना चाहते हैं, लेकिन कांग्रेस इस तरह के अपमान को बर्दाश्त नहीं करेगी। हम पूरे देश में एकजुट होकर विरोध कर रहे हैं।” आगे कांग्रेस नेता विकास अवस्थी ने आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री विपक्ष को कुचलने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन कांग्रेस मजबूती से खड़ी रहेगी।

कानपुर महानगर कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष पवन गुप्ता ने प्रदर्शन को संबोधित करते हुए कहा, “खड़गे जी देश के प्रमुख विपक्षी नेता हैं। उनके प्रति इस तरह की अभद्र टिप्पणी अस्वीकार्य है। हिमंत सरमा को तुरंत माफी मांगनी चाहिए, अन्यथा कांग्रेस आंदोलन तेज करेगी।” प्रदर्शन में युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस और पार्टी के विभिन्न मोर्चों के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए। कार्यकर्ताओं ने पुतला दहन के बाद सड़क पर जमकर नारेबाजी की और हिमंत बिस्वा सरमा तथा भाजपा सरकार के खिलाफ नारे लगाए। पुलिस ने किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए चप्पे-चप्पे पर नजर रखी, लेकिन पुतला छीनने में सफल नहीं हो सकी।


यह विरोध प्रदर्शन कांग्रेस द्वारा देशव्यापी आंदोलन का हिस्सा है, जिसमें कई राज्यों में हिमंत बिस्वा सरमा के खिलाफ पुतला दहन और रैलियां आयोजित की जा रही हैं। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि यदि हिमंत सरमा माफी नहीं मांगते तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। कानपुर कांग्रेस के इस जोरदार प्रदर्शन ने स्थानीय स्तर पर राजनीतिक हलचल मचा दी है। पार्टी कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट संदेश दिया कि वे अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष का अपमान किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेंगे।


 

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *