संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने शुक्रवार को सिविल सेवा परीक्षा 2025 का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है। इस प्रतिष्ठित परीक्षा में अनुज अग्निहोत्री ने पहला स्थान हासिल कर देशभर में अपनी प्रतिभा का परचम लहराया है। उनके बाद राजेश्वरी सुवे एम दूसरे और आकांश धुल तीसरे स्थान पर रहे। यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा को देश की सबसे कठिन और प्रतिष्ठित परीक्षाओं में गिना जाता है।
टॉप 10 में जगह बनाने वाले उम्मीदवारों में अनुज अग्निहोत्री, राजेश्वरी सुवे एम और आकांश धुल के अलावा राघव झुनझुनवाला, ईशान भटनागर, जीनिया अरोड़ा, ए आर राजा मोहद्दीन, पक्षल सेक्रेटरी, आस्था जैन और उज्जवल प्रियांक शामिल हैं। इन सभी अभ्यर्थियों ने कड़ी मेहनत और समर्पण के साथ यह मुकाम हासिल किया है।
यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2025 की प्रारंभिक परीक्षा पिछले साल 25 मई 2025 को आयोजित की गई थी। इसके बाद मुख्य परीक्षा 22 अगस्त से 31 अगस्त 2025 तक हुई थी। मुख्य परीक्षा में सफल होने वाले कुल 2,736 उम्मीदवारों को पर्सनैलिटी टेस्ट यानी इंटरव्यू के लिए बुलाया गया था। इंटरव्यू की प्रक्रिया 5 जनवरी 2026 से शुरू होकर 27 फरवरी 2026 तक चली।
यूपीएससी की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक इस साल कुल 979 पदों पर भर्ती की जाएगी। इनमें से 180 उम्मीदवार भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS), 55 भारतीय विदेश सेवा (IFS) और 150 उम्मीदवार भारतीय पुलिस सेवा (IPS) में नियुक्त किए जाएंगे।
IAS के 180 पदों में से 74 अनारक्षित, 28 अनुसूचित जाति (SC), 13 अनुसूचित जनजाति (ST), 47 अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) और 18 आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के लिए आरक्षित हैं।
रिजल्ट जारी होने के बाद आयोग ने बताया है कि सभी उम्मीदवारों के मार्क्स 15 दिनों के भीतर UPSC की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दिए जाएंगे। UPSC सिविल सेवा परीक्षा में सफलता हासिल करने वाले अभ्यर्थियों के लिए यह उपलब्धि उनके करियर की सबसे बड़ी शुरुआत मानी जाती है।


