रिपोर्ट : अंशिका यादव
SPORTS DESK : क्रिकेट की दुनिया में उम्र सिर्फ एक नंबर साबित हो रही है। बिहार के समस्तीपुर से निकले 16 वर्षीय युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते हुए दुनिया के सबसे खतरनाक गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की पहली ही गेंद पर छक्का जड़ दिया। यही नहीं, उसी ओवर की चौथी गेंद पर बुमराह को एक और छक्का लगाकर उन्होंने साबित कर दिया कि जुनून और निडरता के आगे अनुभव भी टिक नहीं पाता। बारिश से प्रभावित 11 ओवर के मैच में यशस्वी जायसवाल के साथ ओपनिंग करने उतरे वैभव ने ताबड़तोड़ शुरुआत की। बुमराह की पहली गेंद को उन्होंने लॉन्ग-ऑन के ऊपर से छक्के के लिए भेजा। थोड़ी देर बाद फिर बुमराह की गेंद पर स्क्वेयर लेग के ऊपर से दूसरा छक्का। कुल मिलाकर बुमराह के एक ओवर से 14 रन ठोक दिए। ट्रेंट बोल्ट के खिलाफ भी उन्होंने आक्रामक खेल दिखाया। वैभव ने मात्र 14 गेंदों पर 39 रन की धमाकेदार पारी खेली।
राजस्थान रॉयल्स ने 11 ओवर में 3 विकेट गंवाकर 150 रन बनाए, जबकि मुंबई इंडियंस 123 रन पर सिमट गई। RR ने 27 रनों से जीत हासिल की। वैभव की यह आक्रामकता पिछले सीजन की याद दिलाती है, जब उन्होंने आईपीएल डेब्यू पर पहली गेंद ही छक्के से शुरू की थी। अब बड़े-बड़े गेंदबाजों को भी वे बिना डरे निशाना बना रहे हैं। पूर्व भारतीय स्पिनर हरभजन सिंह ने मैच से पहले कहा था कि बुमराह का पलड़ा भारी रहेगा, लेकिन वैभव के छक्कों पर उन्होंने स्टैंडिंग सैल्यूट दिया। मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या ने भी इस युवा खिलाड़ी की तारीफ करते हुए कहा, “15-16 साल का लड़का जिस तरह निडरता से बल्लेबाजी कर रहा है, जिस तरह के शॉट्स लगा रहा है, यह देखना आश्चर्यजनक है। छोटे पैकेट में बड़ा धमाका है ये।”
वैभव सूर्यवंशी का सफर कमाल का है। मात्र 12 साल की उम्र में उन्होंने रणजी ट्रॉफी डेब्यू किया था। वे आईपीएल के सबसे युवा डेब्यूटेंट और सबसे युवा सेंचुरियन भी बन चुके हैं। बिहार के एक छोटे से गांव से निकलकर उन्होंने IPL में राजस्थान रॉयल्स का दिल जीत लिया। उनका फुटवर्क, बैक लिफ्ट और बड़े शॉट्स खेलने की क्षमता क्रिकेट विशेषज्ञों को हैरान कर रही है। वैभव की इस पारी ने साबित किया कि टैलेंट और जुनून उम्र की सीमाओं को तोड़ सकता है। मैच के बाद उनका मायूस चेहरा भी उनकी जीत की भूख को दिखा रहा था। क्रिकेट जगत अब इस 16 साल के तूफान पर नजरें टिकाए हुए है। अगर वैभव इसी लय में आगे बढ़ता रहा तो भारतीय टीम में जल्द एंट्री तय मानी जा रही है।
बिहार के समस्तीपुर से IPL तक का यह सफर युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा है। वैभव सूर्यवंशी ने एक बार फिर साबित कर दिया कि क्रिकेट में बड़े सपने छोटी उम्र में भी पूरे किए जा सकते हैं। राजस्थान रॉयल्स की हैट्रिक जीत में वैभव का तूफानी योगदान यादगार रहा। यह युवा सितारा न सिर्फ IPL बल्कि भारतीय क्रिकेट के भविष्य को चमकाने वाला खिलाड़ी साबित हो रहा है।



