कानपुर के नौबस्ता थाना क्षेत्र में रविवार शाम हुई एक दर्दनाक घटना ने शहर को झकझोर कर रख दिया। एक मामूली बाइक टक्कर के बाद शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया और कुछ ही मिनटों में एक परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। दबंग युवकों ने पिता और उनके दो बेटों पर चाकू और हेलमेट से जानलेवा हमला कर दिया, जिसमें पिता और एक बेटे की मौत हो गई, जबकि दूसरा बेटा गंभीर हालत में अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार शिवनारायण त्रिवेदी अपने दोनों बेटों शिवम और सत्यम के साथ मार्बल मार्केट स्थित कनक मार्बल में काम करते थे। रविवार शाम रोजाना की तरह तीनों काम खत्म करने के बाद बाइक से अपने घर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि जैसे ही वे नौबस्ता क्षेत्र के यशोदा नगर बाईपास के पास पहुंचे, तभी दूसरी बाइक से उनकी बाइक की हल्की टक्कर हो गई, मृतकों की पहचान चकेरी के रामपुर कांशीराम कॉलोनी, सजारी गांव में रहने वाले शिव नारायण त्रिवेदी (60) और उनके बेटे शिवम (25) के रूप में हुई है। वहीं, 30 साल का सत्यम गंभीर रूप से घायल है। उसका इलाज चल रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर के बाद पहले दोनों पक्षों में सामान्य कहासुनी हुई। लोगों को लगा कि कुछ देर बाद मामला शांत हो जाएगा, लेकिन अचानक माहौल बिगड़ गया। आरोप है कि दूसरी बाइक पर सवार युवकों ने गुस्से में आकर पहले अभद्रता शुरू की और फिर अचानक हमला बोल दिया। आरोपियों ने हेलमेट से वार किए और उसके बाद चाकू निकालकर शिवनारायण और उनके दोनों बेटों पर ताबड़तोड़ हमला करना शुरू कर दिया।
हमले की घटना इतनी अचानक हुई कि मौके पर मौजूद लोग कुछ समझ ही नहीं सके। कुछ ही पलों में तीनों सड़क पर गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने बचाने की कोशिश की, लेकिन हमलावरों के आक्रामक व्यवहार के कारण लोग सहम गए। घटना के दौरान पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही नौबस्ता पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को तुरंत हैलट अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद शिवनारायण त्रिवेदी और उनके बेटे शिवम को मृत घोषित कर दिया, जबकि सत्यम की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है। घटना के बाद आरोपी मौके से भागने लगे, लेकिन स्थानीय लोगों की मदद से एक आरोपी को पकड़ लिया गया और पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।
इस दोहरे हत्याकांड की खबर मिलते ही मृतकों के परिवार में कोहराम मच गया। अस्पताल पहुंचते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। वहीं स्थानीय लोगों में घटना को लेकर गुस्सा और भय दोनों देखने को मिल रहा है। लोग आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।



