कानपुर में एक मामूली सड़क हादसा कुछ ही मिनटों में ऐसी खूनी वारदात में बदल गया, जिसने पूरे शहर को झकझोर दिया। बाइक की टक्कर के बाद हुए विवाद में पिता और पुत्र की बेरहमी से हत्या करने वाले फरार आरोपियों को पुलिस ने सोमवार तड़के मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस कार्रवाई के दौरान मुख्य आरोपी करण वर्मा के दोनों पैरों में गोली लगी, जबकि उसके साथ मौजूद उज्ज्वल अवस्थी और समीर गौतम को भी हिरासत में ले लिया गया। पुलिस का कहना है कि आरोपी शहर से बाहर भागने की योजना बना रहे थे।
पुलिस के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 4:30 बजे सूचना मिली थी कि हत्या के मामले में फरार आरोपी हमीरपुर रोड की तरफ बढ़ रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके में सघन घेराबंदी शुरू कर दी। पुलिस ने आरोपियों को रोकने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने भागने का प्रयास किया। आरोप है कि इसी दौरान मुख्य आरोपी करण वर्मा ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें करण के दोनों पैरों में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने मौके पर ही उसे पकड़ लिया, जबकि उसके साथ मौजूद अन्य दो आरोपियों को भी घेरकर गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। शुरुआती पूछताछ में उन्होंने हत्या की वारदात में अपनी भूमिका स्वीकार की है। पुलिस अब यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना केवल अचानक हुए विवाद का परिणाम थी या इसके पीछे कोई अन्य कारण भी था।
रविवार रात बीच सड़क पर बरपा था कहर
यह पूरा मामला रविवार रात यशोदा नगर बाईपास क्षेत्र का है। चकेरी थाना क्षेत्र के कोयला नगर स्थित कांशीराम कॉलोनी निवासी शिवनारायण तिवारी अपने बेटों शिवम और सत्यम के साथ काम खत्म कर घर लौट रहे थे। तीनों एक ही बाइक पर सवार थे। रास्ते में विराट नगर स्थित वृंदावन गेस्ट हाउस के पास अचानक उनकी बाइक दूसरी बाइक से टकरा गई। टक्कर के बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ ही देर में बहस हिंसक झगड़े में बदल गई। आरोपियों ने पहले हेलमेट और लात-घूंसों से हमला किया, फिर ईंटों और चाकुओं से ताबड़तोड़ वार शुरू कर दिए। हमले में पिता और दोनों बेटे गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और एक आरोपी शिवा वर्मा को पकड़ लिया। लोगों ने उसकी पिटाई कर पुलिस को सौंप दिया, जबकि दो अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए थे। घायलों को तुरंत हैलट अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने शिवनारायण तिवारी और उनके बेटे शिवम को मृत घोषित कर दिया। वहीं सत्यम गंभीर रूप से घायल है और उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक, मृतकों के शरीर पर कई गहरे चाकू के निशान मिले हैं।
इस दोहरे हत्याकांड के बाद परिवार में मातम का माहौल है। परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है, जबकि पुलिस पूरे मामले में आगे की जांच और कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है।
ये खबर भी पढ़ें : कानपुर में मामूली टक्कर बनी मौत की वजह: सड़क पर हुए खूनी संघर्ष में पिता-पुत्र की दर्दनाक मौत, दूसरा बेटा गंभीर
https://www.thefmnews.in/national/uttar-pradesh/a-minor-collision-in-kanpur-led-to-death-father-and-son-tragically-died-in-a-bloody-road-clash-the-other-son-is-critical/



