कोडीन कफ सिरप मामले को लेकर यूपी विधानसभा में विपक्ष का हंगामा हुआ। चर्चा के दौरान यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा- देश के अंदर दो नमूने हैं एक दिल्ली में, तो दूसरा लखनऊ में बैठता है। जब देश में किसी मुद्दे पर चर्चा होती है, तो तुरंत देश छोड़कर भाग जाते हैं। इस पर नेता प्रतिपक्ष ने आपत्ति जताई। जमकर हंगामा हुआ और विपक्ष ने सदन से वॉकआउट कर दिया। शीतकालीन सत्र हंगामेदार रहने के आसार हैं।
विधानसभा में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कोडीन कफ सिरप से कोई मौत नहीं हुई है। 2016 में इसके सबसे बड़े होल सेलर को सपा ने लाइसेंस दिया था। CM ने कहा- कोडीन कफ सिरप का मुद्दा था, समय-समय पर विभाग इसे लेकर छापेमारी और कार्रवाई करता रहा है। CM योगी ने कहा- चिंता मत करिए समय आने पर बुल्डोजर एक्शन की कार्रवाई भी होगी, आप चिल्लाना मत।
79 पर FIR और 225 लोग नामजद, 78 आरोपी गिरफ्तार

योगी आदित्यनाथ ने कोडीन कफ सिरप मामले पर कहा- सरकार ने कार्रवाई की है और सरकार ने इसके लिए 79 FIR अभी तक दर्ज हुई हैं। इसमें 225 लोगों को नामजद किया है। 78 आरोपी गिरफ्तार हुए हैं। 134 जगहों पर छापेमारी हुई है। STF इसकी जांच कर रही है। उत्तर प्रदेश सरकार ने इस लड़ाई को लड़ा है और जीता है।
समय आने पर बुलडोजर एक्शन होगा- योगी

तमिलनाडु में बने सिरप से मौतें हुईं। कोडीन कफ सिरप से UP में कोई मौत नहीं हुई। यूपी में इस कफ सिरप का निर्माण नहीं होता है। यह केस अवैध भंडारण का है। CM योगी ने सपा पर तंज कसते हुए कहा- पढ़ाई लिखाई से आपका वास्ता नहीं है, इसलिए आप हमेशा इस तरह की बात करते हैं और चिंता मत करिए समय आने पर बुलडोजर एक्शन की कार्रवाई भी होगी। आप चिल्लाना मत। इस केस में सपा से जुड़े लोग सामने आते हैं। एक अनाधिकृत लेनदेन हुआ है वह एक लोहिया वाहिनी के पदाधिकारी के अकाउंट के माध्यम से हुआ है।
सपा के सदस्य साइकिल चलाकर विरोध जताने पहुंचे

यूपी विधानसभा के शीतकालीन सत्र के पहले दिन सपा के विधायक बृजेश यादव विधानसभा परिसर में साइकिल चलाकर कफ सिरप मामले के खिलाफ विरोध जताने पहुंचे थे।
अपराधियों के साथ इनकी फोटो है- CM
इससे पहले सत्र के पहले दिने CM योगी आदित्यनाथ ने कहा था- प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जिन अभियुक्तों को पकड़ा गया है उनके कुछ संबंध समाजवादी पार्टी के साथ सामने आए हैं। सपा अपने कार्य के अनुरुप बदनाम हो चुकी है और पहले से कुख्यात है। राज्य स्तर की SIT मामले की जांच कर रही है। सपा प्रमुख की तरफ से जो बार बार कहा जा रहा है।
हर माफिया के संबंध सपा से हैं: योगी
CM योगी आदित्यनाथ ने कहा था, ये वही स्थिति है कि यही भूल बार-बार करता रहा धूल चेहरे पे थी और आईना साफ करता रहा। अपराधियों के साथ इनकी फोटो है। कहीं न कहीं अवैध लेनदेन में भी संलिप्तता सामने आएगी। जांच सामने आने के बाद दूध का दूध पानी का पानी सामने आएगा। सिरप नशीले पदार्थों की शिकायत के बाद कार्रवाई की थी। अवैध रुप से नशीले पदार्थों की तस्करी की शिकायतें आई थीं। काफी बड़े पैमाने पर तस्करी को पकड़ा है। इसमें व्यापक गिरफ्तारियां भी हुईं हैं। उन्होंने कहा- ये हर व्यक्ति जानता है, हर माफिया के संबंध सपा से रहे हैं।



