रिपोर्ट : जुहैब अहमद ( जैबी )
कानपुर जिले के चकेरी थाना क्षेत्र के सजारी इलाके में एक चौंकाने वाली घटना ने स्थानीय लोगों में आक्रोश पैदा कर दिया है। रिटायर्ड दरोगा के बेटे ने नशे की हालत में एक फास्ट फूड दुकानदार को अपनी कार से टक्कर मारकर बोनेट पर फंसाकर करीब 50 मीटर तक घसीट लिया। इस दौरान युवक के पैर में गंभीर फ्रैक्चर हो गए और शरीर पर कई चोटें आईं। घटना 4 अप्रैल की रात करीब 9:30 बजे की बताई जा रही है, जब बारिश हो रही थी।
घटना का पूरा विवरण देते हुए पीड़ित के भाई मनीष पांडेय ने बताया कि आरोपी मोहित उर्फ रोहित नाम का युवक स्विफ्ट डिजायर कार (नंबर UP78 HM 8079) से नशे में धुत हालत में पहुंचा। वह लगातार 10 मिनट तक हॉर्न बजाता रहा और बदतमीजी पर उतर आया। जब दुकानदार और आसपास के लोग विरोध करने लगे तो आरोपी ने गाली-गलौज शुरू कर दी। उसने धमकी भी दी कि उसका पिता रिटायर्ड दरोगा है, इसलिए कोई कुछ नहीं कर सकता।
मनीष पांडेय के अनुसार, जब वे दुकान बंद करके घर लौट रहे थे, तभी आरोपी ने अचानक कार मोड़कर सीधे उनके भाई ध्रुमित पांडेय पर चढ़ा दिया। टक्कर इतनी तेज थी कि ध्रुमित कार के बोनेट पर फंस गए और आरोपी उन्हें 50 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। इस दौरान युवक की चीखें आसपास गूंज रही थीं। आखिरकार जब कार रुकी तो आरोपी मौके से फरार हो गया।
नशे में धुत दरोगा के बेटे ने युवक को कार से टक्कर मार दी। हादसे में युवक घायल हुआ। घटना के बाद इलाके में हड़कंप, जांच जारी।
@kanpurnagarpol @adgzonekanpur @DMKanpur @CommissionerKnp #fmnews pic.twitter.com/XifxhCr7pa
— FM News (@FMNewsLive) April 9, 2026
घायल ध्रुमित पांडेय को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। पहले उन्हें कांशीराम अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें रेफर कर दिया गया। फिलहाल उनका इलाज कानपुर के रामा देवी स्थित लक्ष्मी अस्पताल में चल रहा है। डॉक्टरों ने बताया कि उनके पैर में कई जगह फ्रैक्चर हैं और चोटें गंभीर हैं। पूरी तरह ठीक होने में कम से कम 6 महीने का समय लग सकता है। परिवार को आर्थिक और मानसिक दोनों तरह से काफी नुकसान हो रहा है।
परिवार का आरोप है कि घटना की सूचना पुलिस को तुरंत दी गई थी, लेकिन शुरुआती दिनों में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। मनीष पांडेय ने बताया कि उन्होंने आरोपी की कार का नंबर और घटना का वीडियो फुटेज भी पुलिस को सौंप दिया था। वीडियो में साफ दिख रहा है कि आरोपी कैसे नशे में कार चलाकर लोगों को कुचलने की कोशिश कर रहा था। इसके बावजूद FIR दर्ज करने में देरी हुई। परिवार ने मांग की है कि आरोपी के खिलाफ आईपीसी की सख्त धाराओं में केस दर्ज किया जाए और उसे जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए ताकि न्याय मिल सके।
जब एफ.एम न्यूज़ की टीम ने मामले पर एसीपी चकेरी अभिषेक पाण्डेय से बात की तो उन्होंने बताया की पीड़ित परिवार द्वारा मामले में तहरीर दी गयी है। घटना की जानकारी मिलते ही मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। आरोपी के घर पर छापेमारी की गई, लेकिन वह फरार है। एसीपी चकेरी के अनुसार ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर दी है और जल्द ही उसे पकड़ने का दावा किया है।



