रिपोर्ट : जुहैब अहमद ( जैबी )
Husband Murder in Kanpur : उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में एक बार फिर प्रेम और बदले की कहानी ने हिंसक रूप ले लिया है। चकेरी थाना क्षेत्र के पीएसी मोड़ मंदिर के पास स्थित एक किराए के मकान में 52 वर्षीय कुख्यात गैंगस्टर आशीष कुमार शर्मा की निर्मम हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज वारदात की मुख्य आरोपी उनकी अपनी पत्नी आरती शर्मा निकली, जिसने अपने प्रेमी सबलू खान (उर्फ शफात) के साथ मिलकर पति को मौत के घाट उतार दिया। पुलिस की गहन जांच के बाद यह खुलासा हुआ कि दोनों ने पहले पति को शराब पिलाकर बेहोश किया और फिर करीब 40 मिनट तक क्रूर तरीके से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।
घटना 1 अप्रैल की रात की बताई जा रही है। आरती शर्मा अपने प्रेमी के साथ किराए के उस मकान में पहुंची, जहां आशीष कुमार शर्मा अकेले रह रहे थे। पुलिस के अनुसार, आरोपी पत्नी ने पति को शराब का नशा चढ़ाया। जब आशीष पूरी तरह बेहोश हो गए, तब आरती ने उनके गले पर हाथ रखकर दबाना शुरू कर दिया, जबकि सबलू खान ने छटपटाते हुए व्यक्ति के सीने पर बैठकर उनके हाथ-पैर मजबूती से पकड़ रखे थे। इस दौरान शिकार की जान निकलने में लगभग 40 मिनट का समय लगा। हत्या के बाद दोनों आरोपी शव को उसी मकान में छोड़कर फरार हो गए। हत्या के बाद आरती शर्मा ने अपनी पहचान छिपाने की पूरी रणनीति बनाई थी। वह नौबस्ता हाईवे के पास झाड़ियों में छिपकर अपनी सूट की जगह साड़ी बदलकर हमीरपुर की ओर रवाना हो गई। लेकिन पुलिस की टीम ने पूरे मामले का खुलासा करने के लिए 150 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज की सूक्ष्म जांच की। चकेरी से लेकर हमीरपुर तक के विभिन्न कैमरों में कैद फुटेज ने आरती की हर गतिविधि को साफ तौर पर उजागर कर दिया। अंत में पुलिस ने उसे नौबस्ता चौराहे के पास रामादेवी रोड से गिरफ्तार कर लिया। प्रेमी सबलू खान अभी भी फरार है और पुलिस उसकी तलाश में छापेमारी कर रही है।
आरती शर्मा ने पुलिस की पूछताछ में अपना अपराध कबूल कर लिया है। उसने बताया कि आशीष कुमार शर्मा उसके साथ नियमित रूप से मारपीट और दुर्व्यवहार करता था। शराब के नशे में घर लौटने पर वह उसे बुरी तरह पीटता था, जिससे वह काफी तंग आ चुकी थी। आरती मूल रूप से हमीरपुर जिले के कालपी चौराहा क्षेत्र की रहने वाली है। दंपति के तीन बच्चे हैं—दो बेटे लवकुश, छोटू और एक बेटी बेटू। परिवार गांव में रहता था, जबकि आशीष पिछले एक साल से कानपुर के चकेरी इलाके में राजमिस्त्री का काम करते हुए अकेले किराए के मकान में रह रहे थे।
आरती ने कबूल किया कि हत्या की साजिश सबलू खान के साथ 15 दिन पहले ही रची गई थी। दोनों के बीच पिछले कई महीनों से अवैध संबंध चल रहे थे। 1 अप्रैल की रात फोन पर हुई कहासुनी के बाद दोनों ने यह फैसला ले लिया। 2 अप्रैल को जब आशीष का फोन बंद मिला तो परिवार को शक हुआ। पड़ोस के युवक दुर्गेश ने खिड़की से झांककर शव देखा और पुलिस को सूचित किया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या की पुष्टि हुई। आशीष कुमार शर्मा खुद एक कुख्यात गैंगस्टर के रूप में जाना जाता था। उसके ऊपर हमीरपुर के सिटी फॉरेस्ट कांड समेत कई गंभीर मामले दर्ज थे। 16 अगस्त 2022 को एक युवती और उसके प्रेमी के साथ सामूहिक दुर्व्यवहार का आरोप भी उस पर था। इसके अलावा एनडीपीएस एक्ट, छेड़खानी और मारपीट के कुल चार मुकदमे उसके खिलाफ थे।
एडीसीपी पूर्वी अंजलि विश्वकर्मा और चकेरी एसीपी अभिषेक कुमार पाण्डेय ने बताया कि आरती शुरुआती पूछताछ में झूठ बोल रही थी, लेकिन सख्त पूछताछ के बाद उसने सारी साजिश उगल दी। पुलिस अब फरार प्रेमी सबलू खान को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने के लिए तत्पर है। पूरे मामले की गहन जांच जारी है।



