रिपोर्ट : ज्ञानेन्द्र शुक्ला – कानपुर संवाददाता
उत्तर प्रदेश के कानपुर जनपद के बिल्हौर विधानसभा क्षेत्र के शिवराजपुर ब्लॉक अंतर्गत सखरेज गांव में पिछले दो वर्षों से चला आ रहा गंभीर जल संकट अब समाधान की राह पर नजर आ रहा है। हजारों ग्रामीण लंबे समय से बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रहे थे। गर्मी बढ़ने के साथ यह समस्या और विकराल होती जा रही थी। ठीक इसी बीच FM न्यूज ने इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया और ग्रामीणों की व्यथा को व्यापक स्तर पर आवाज दी। FM न्यूज की इस रिपोर्ट का बड़ा असर हुआ और स्थानीय भाजपा विधायक राहुल बच्चा सोनकर ने तुरंत सक्रिय होकर अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी। बताते चले जब हमारे संवाददाता सखरेज गांव में गलियों में ग्राउंड जीरो से हकीकत जानने के लिए पहुँचे तो इलाके में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह ठप पड़ी हुई थी। ग्रामीणों को पीने का पानी दूर-दूर से लाना पड़ रहा था। इस समस्या को लेकर स्थानीय समाजवादी पार्टी की नेता रचना सिंह ने ग्रामीणों के साथ धरना प्रदर्शन किया और सरकार पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए विपक्षी मोर्चा खोल दिया। गांव राजनीतिक गतिविधियों का केंद्र बन गया था। 
इस दौरान जब FM न्यूज द्वारा इस जल संकट की खबर को चैलन पर प्रमुखता से दिखाए जाने के बाद पूरे मामले में तेजी आई। तब विधायक राहुल बच्चा सोनकर खुद ग्राउंड जीरो पर पहुंचे। उन्होंने जल निगम के अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई और नाराजगी जताई कि इतनी बड़ी समस्या होने के बावजूद उन्हें कोई जानकारी नहीं दी गई। विधायक की कड़ी नाराजगी और FM न्यूज की निष्पक्ष रिपोर्टिंग के चलते जल निगम प्रशासन में हड़कंप मच गया। तत्काल प्रभाव से जल निगम के जूनियर इंजीनियर को सस्पेंड कर दिया गया। विभागीय सूत्रों के अनुसार अधिशाषी अभियंता एम.के. सिंह पर भी कार्रवाई की तैयारी चल रही है। विधायक राहुल बच्चा सोनकर ने गांव में ही प्रेस कॉन्फ्रेंस कर ग्रामीणों को आश्वासन दिया। उन्होंने घोषणा की कि सखरेज गांव में एक करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली नई पानी की टंकी का निर्माण कराया जाएगा। साथ ही पाइपलाइन और जल आपूर्ति व्यवस्था को शीघ्र दुरुस्त किया जाएगा ताकि ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध हो सके।
विधायक ने कहा, “दो साल से ग्रामीण प्यासे हैं और अधिकारी सो रहे थे। मुझे अंधेरे में रखा गया। आज एक जेई को सस्पेंड किया गया है। अगर जल्द सुधार नहीं हुआ तो बड़े अधिकारियों पर भी कार्रवाई होगी। जनता का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आगे विधायक ने कहा कि FM न्यूज ने इस मुद्दे को उठाकर अच्छा काम किया, और अपनी जिम्मेदारी का परिचय दिया जिसके बाद एक्शन लेना आसान हुआ। विधायक ने कहा एक करोड़ रुपये की लागत से एक नई टंकी की जल्द मंजूरी होगी । कुछ दिनों में पाइपलाइन और आपूर्ति व्यवस्था ठीक कर शुद्ध पानी उपलब्ध कराया जाएगा।”
अधिशाषी अभियंता मुकेश कुमार सिंह ने बताया कि लापरवाही के मामले में जेई को निलंबित कर दिया गया है। विधायक जी के निर्देश पर तकनीकी खामियों को दूर किया जा रहा है और नई परियोजना युद्ध स्तर पर शुरू हो गई है। वहीं जनता ने भी इस मुद्दे पर FM न्यूज़ का धन्यवाद दिया और कहा कि , निष्पक्ष न्यूज की रिपोर्टिंग का यह असर साफ दिखाता है कि जब मीडिया जनता की आवाज बनकर सामने आता है तो प्रशासन और जनप्रतिनिधि दोनों तुरंत सक्रिय हो जाते हैं। सखरेज के हजारों ग्रामीण अब उम्मीद के साथ इंतजार कर रहे हैं कि उनके घरों के नलों में जल्द पानी की धार बहने लगेगी। ग्रामीणों का कहना है कि घोषणाएं कई बार हो चुकी हैं, अब वे अमल देखना चाहते हैं। यदि समय पर काम पूरा होता है तो यह घटना एक अच्छा उदाहरण बनेगी कि स्थानीय मीडिया और जनप्रतिनिधियों के संयुक्त प्रयास से जनसमस्याओं का समाधान कितनी तेजी से किया जा सकता है।
….



