रिपोर्ट : ज़ुहैब अहमद जैवी
कानपुर। शहर में गैस सिलेंडरों की बढ़ती किल्लत के बीच अब ठगी के नए तरीके सामने आने लगे हैं। गोविंद नगर थाना क्षेत्र में दो शातिर युवकों ने खुद को पेट्रोलियम कंपनी का अधिकारी बताकर एक घर में प्रवेश किया और चेकिंग के नाम पर दो गैस सिलेंडर लेकर फरार हो गए। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। घटना चरन सिंह कॉलोनी की है, जहां कीर्ति वर्मा का परिवार रहता है। कीर्ति एक निजी स्कूल में शिक्षिका हैं। घटना के समय वह स्कूल गई थीं, जबकि घर पर उनकी भाभी सरोजनी और 10 वर्षीय भतीजी मौजूद थीं। दोपहर करीब एक बजे बाइक सवार दो युवक घर पहुंचे और गेट खटखटाया। गेट खुलते ही उन्होंने खुद को इंडियन ऑयल कंपनी का अधिकारी बताया। दोनों युवकों ने कहा कि इन दिनों गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी बढ़ गई है, जिसकी जांच के लिए वे चेकिंग कर रहे हैं। भरोसा दिलाकर वे घर के अंदर घुस गए और सीधे किचन में पहुंच गए। वहां एक युवक ने गैस चूल्हे से जुड़ा भरा सिलेंडर उतार लिया, जबकि दूसरे ने पास में रखा खाली सिलेंडर उठा लिया।
#Kanpur
➡️ गोविंद नगर में पेट्रोलियम अधिकारी बनकर पहुंचे टप्पेबाज
➡️ महिला को झांसे में लेकर घर से दो गैस सिलेंडर लेकर फरार
➡️ रसीद दिखाने के बहाने दिया वारदात को अंजाम
➡️ पूरी घटना CCTV में कैद, बाइक से आए थे बदमाश
➡️ पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की@kanpurnagarpol @DMKanpur… pic.twitter.com/88aHq1udaS— FM News (@FMNewsLive) April 7, 2026
इसके बाद दोनों सिलेंडर घर के बाहर ले जाए गए। एक युवक सिलेंडर का वजन करने का नाटक करने लगा, जबकि दूसरे ने सरोजनी से गैस की रसीद लाने को कहा। जैसे ही सरोजनी रसीद लेने अंदर गईं, दोनों आरोपी मौके का फायदा उठाकर सिलेंडर बाइक पर रखकर फरार हो गए। कुछ देर बाद जब सरोजनी बाहर लौटीं तो दोनों युवक गायब थे। तब उन्हें ठगी का एहसास हुआ और उन्होंने तुरंत परिजनों को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी कैमरों की जांच की, जिसमें दोनों आरोपी सिलेंडर लेकर भागते हुए दिखाई दिए। गोविंद नगर इंस्पेक्टर रिकेश कुमार सिंह के अनुसार, बाइक नंबर के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति को बिना पहचान पत्र के घर में प्रवेश न करने दें, खासकर जब वह खुद को किसी विभाग का अधिकारी बताता हो।



