रिपोर्ट @जुहैब अहमद जैबी – कानपुर संवाददाता
कानपुर: शहर में तेजी से बढ़ती आबादी और बहुमंजिला इमारतों के चलते आग जैसी आपात स्थितियों से निपटने के लिए कानपुर कमिश्नरेट पुलिस और अग्निशमन विभाग ने संयुक्त रूप से एक बड़े मॉकड्रिल का आयोजन किया। यह अभ्यास शहर के एक प्रमुख कमर्शियल कॉम्प्लेक्स में किया गया, जिसका उद्देश्य आग, धुएं या ऊंची इमारतों में फंसने जैसी परिस्थितियों में त्वरित और प्रभावी रेस्क्यू ऑपरेशन सुनिश्चित करना था।
मॉकड्रिल को दो चरणों में संपन्न किया गया। पहले चरण में मॉल के भीतर आग लगने की स्थिति का सिमुलेशन किया गया, जिसमें अंदर फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने का अभ्यास कराया गया। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमों ने मौके पर तेजी से पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। इस दौरान मॉल के कर्मचारियों को भी प्रक्रिया में शामिल किया गया।
दूसरे चरण में ऊपरी मंजिलों और छत पर फंसे लोगों को बचाने के लिए आधुनिक हाइड्रोलिक क्रेन का प्रदर्शन किया गया। इस तकनीक के जरिए ऊंचाई पर फंसे लोगों को सुरक्षित नीचे लाने की प्रक्रिया को दिखाया गया, जो आपात स्थिति में बेहद उपयोगी साबित हो सकती है। अभ्यास में मॉल प्रबंधन और कर्मचारियों को भी सक्रिय रूप से भागीदार बनाया गया। उन्हें फायर एक्सटिंग्विशर के उपयोग, आग बुझाने के प्राथमिक उपाय, इमरजेंसी एग्जिट और आपदा के समय संयम बनाए रखने की ट्रेनिंग दी गई। साथ ही, पूरे ऑपरेशन के दौरान रिस्पॉन्स टाइम को भी मॉनिटर किया गया, ताकि भविष्य में और बेहतर समन्वय स्थापित किया जा सके।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, शहर में बढ़ती हाईराइज बिल्डिंग्स और कमर्शियल कॉम्प्लेक्स को देखते हुए इस तरह के मॉकड्रिल बेहद जरूरी हैं। हाल के वर्षों में आगजनी की कई घटनाओं ने नुकसान पहुंचाया है, ऐसे में पूर्व तैयारी और विभागों के बीच तालमेल सुरक्षा के लिहाज से अहम है, इस दौरान अधिकारियों ने बताया कि इस अभ्यास के जरिए न केवल सुरक्षा एजेंसियों की तैयारी का आकलन किया गया, बल्कि आम लोगों को भी जागरूक किया गया। आने वाले समय में शहर के अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों, अस्पतालों और आवासीय परिसरों में भी ऐसे अभ्यास नियमित रूप से किए जाएंगे।
यहां देखें कानपुर पुलिस और अग्निशमन विभाग का संयुक्त मॉकड्रिल



