■ पराग डेयरी में भव्य परशुराम शोभा यात्रा: 200 कारों और 300 दोपहिया वाहनों के साथ निकला विशाल जुलूस, गूंजे जयकारे !
कानपुर : राष्ट्रीय ब्राह्मण युवजन सभा के तत्वावधान में पराग डेयरी परिसर से भगवान परशुराम जन्मोत्सव के अवसर पर भव्य शोभा यात्रा का आयोजन किया गया। यह शोभा यात्रा पूरे उत्साह, श्रद्धा और भक्ति के माहौल में संपन्न हुई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
शोभा यात्रा में करीब 200 चार पहिया वाहन और 300 दोपहिया वाहनों का लंबा काफिला शामिल रहा। यात्रा के दौरान सैकड़ों की संख्या में भगवान श्री परशुराम के भक्त मौजूद रहे, जो पूरे रास्ते “जय श्री परशुराम” के जयकारों से वातावरण को गुंजायमान करते रहे। श्रद्धालुओं के उत्साह और आस्था का आलम यह था कि पूरा मार्ग भगवामय नजर आया।
यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर स्थानीय नागरिकों और सामाजिक संगठनों द्वारा पुष्प वर्षा कर और माल्यार्पण कर भव्य स्वागत किया गया। जगह-जगह स्वागत मंच बनाए गए थे, जहां श्रद्धालुओं को जलपान की भी व्यवस्था की गई थी। इस अवसर पर राष्ट्रीय ब्राह्मण युवजन सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंकज दीक्षित ने कहा कि वर्तमान समय में ब्राह्मण समाज को एकजुट होने की सख्त आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि देश गंभीर परिस्थितियों से गुजर रहा है और ऐसे में सनातन धर्म की रक्षा करने वाले ब्राह्मणों को एकजुट होकर देशहित में कार्य करना होगा।
उन्होंने आगे कहा कि भगवान परशुराम जन्मोत्सव केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक जागरूकता का भी माध्यम है। इसके जरिए समाज को संगठित करने और अपने अधिकारों एवं सम्मान की रक्षा के लिए सजग रहने का संदेश दिया जाना चाहिए। उन्होंने आगामी चुनावों का जिक्र करते हुए कहा कि हमें ऐसे नेतृत्व को आगे लाना होगा जो सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय की नीति पर कार्य करे और समाज के सम्मान की रक्षा कर सके।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय ब्राह्मण युवजन सभा के कई प्रमुख पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिनमें राष्ट्रीय सलाहकार रजनीश तिवारी, राष्ट्रीय संरक्षक भूपेश अवस्थी, संत गोविंद बाजपेयी (विशिष्ट सलाहकार), सरस बाजपेयी (राष्ट्रीय संरक्षक), सजीव मिश्रा (राष्ट्रीय प्रभारी), उमेश द्विवेदी (मीडिया प्रकोष्ठ), सौरभ मिश्रा (जिलाध्यक्ष/प्रभारी), नीरज प्रसाद दीक्षित (राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष), मनोज दीक्षित (राष्ट्रीय प्रवक्ता), नीरज तिवारी (संगठन मंत्री), रोहित अवस्थी, सुबोध तिवारी (संरक्षक), संजीव मिश्रा (राष्ट्रीय महासचिव), विवेक तिवारी, पुनीत तिवारी, दीपक तिवारी, शोभित मिश्रा, मोहित अवस्थी, गौरव मिश्रा, अनूप त्रिपाठी, जय बाजपेयी और रिकू बाजपेयी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन भगवान परशुराम की आरती और प्रसाद वितरण के साथ हुआ। पूरे आयोजन ने क्षेत्र में धार्मिक और सामाजिक एकता का संदेश दिया।



