टी20 वर्ल्ड कप के सुपर-8 मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टीम इंडिया की करारी हार ने सिर्फ अंकतालिका ही नहीं बदली, बल्कि पूरे नैरेटिव को बदल दिया। मैच से पहले माहौल गरम था। प्रोमो में तंज, चुनौती और ‘चोकर्स’ जैसे शब्दों के जरिए दक्षिण अफ्रीका पर मानसिक दबाव बनाने की कोशिश दिख रही थी। टीवी स्क्रीन पर जो आक्रामकता नजर आ रही थी, वह दर्शकों को रोमांचित भी कर रही थी।
लेकिन जैसे ही मैदान पर नतीजा उल्टा आया और भारत को एकतरफा हार का सामना करना पड़ा, वही स्क्रीन अचानक शांत हो गई। न कोई नई पंचलाइन, न उकसाने वाला विज्ञापन, न कोई व्यंग्य भरा प्रोमो। सिर्फ अगली तारीख और अगले मुकाबले की जानकारी। यह बदलाव साफ संकेत देता है कि खेल से ज्यादा नैरेटिव बनाने की कोशिश कितनी भारी पड़ सकती है।
दक्षिण अफ्रीका ने मैदान पर अपने प्रदर्शन से जवाब दिया। गेंद और बल्ले से दमदार खेल दिखाते हुए उन्होंने भारत को हर विभाग में पीछे छोड़ दिया। यह हार सिर्फ रन या विकेट की नहीं थी, बल्कि उस सोच की हार भी थी, जिसमें खेल से पहले ही नतीजे तय मान लिए जाते हैं।
क्रिकेट अनिश्चितताओं का खेल है। यहां शब्दों से ज्यादा प्रदर्शन मायने रखता है। सुपर-8 की इस हार ने यह साफ कर दिया कि विज्ञापन और प्रोमो से मैच नहीं जीते जाते। अब टीम इंडिया के सामने चुनौती है वापसी की, जबकि प्रसारण जगत के लिए यह सबक है कि खेल को खेल की तरह ही पेश किया जाए, न कि अहंकार की पटकथा की तरह।



