दिल्ली में प्रदूषण पर सख्ती: सीएम रेखा गुप्ता का बड़ा एक्शन प्लान, अब चालान माफ नहीं
delhi pollution : दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण को लेकर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सख्त रुख अपनाया है। राजधानी की खराब हवा और बढ़ते प्रदूषण स्तर को देखते हुए दिल्ली सरकार ने कई कड़े और अहम फैसले लिए हैं। सरकार ने साफ कर दिया है कि अब प्रदूषण फैलाने वालों को किसी भी हाल में राहत नहीं मिलेगी। खास तौर पर बिना वैध प्रदूषण जांच प्रमाणपत्र (PUC) के चलने वाले वाहनों के खिलाफ अब जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी।
अब PUC चालान नहीं होंगे माफ
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में हुई एक अहम बैठक में यह निर्णय लिया गया कि PUC से जुड़े चालान किसी भी सूरत में माफ नहीं किए जाएंगे। इस बैठक में पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा, पर्यावरण, परिवहन विभाग, दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति (DPCC), लोक निर्माण विभाग (PWD) और यातायात पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
वर्तमान नियमों के अनुसार बिना वैध PUC के वाहन चलाने पर 10 हजार रुपये तक का जुर्माना लगाया जाता है। लेकिन सरकार ने पाया कि कई वाहन मालिक लोक अदालत के जरिए इस जुर्माने को काफी कम करवा लेते हैं। इससे न तो लोगों में कानून का डर रहता है और न ही वे अपने वाहनों को प्रदूषण मुक्त कराने को लेकर गंभीर होते हैं।
मुख्यमंत्री ने दो टूक शब्दों में कहा कि अब ऐसा नहीं चलेगा। यदि इसके लिए सरकार को अदालत का दरवाजा भी खटखटाना पड़े, तो वह पीछे नहीं हटेगी। सीएम ने साफ किया कि सरकार का मकसद राजस्व बढ़ाना नहीं, बल्कि दिल्लीवासियों को स्वच्छ और साफ हवा देना है।
ओला-उबर के साथ ई-बस सेवा की तैयारी
प्रदूषण कम करने के लिए दिल्ली सरकार अब निजी कंपनियों के साथ साझेदारी की दिशा में भी कदम बढ़ा रही है। मुख्यमंत्री ने संकेत दिए हैं कि सरकार जल्द ही ओला और उबर जैसी बड़ी कंपनियों के साथ बातचीत करेगी। योजना यह है कि दिल्ली-NCR में इलेक्ट्रिक या प्रदूषण मुक्त बसें पूल और शेयरिंग मॉडल पर चलाई जा सकें।
अगर यह योजना लागू होती है, तो इससे सड़कों पर निजी वाहनों की संख्या घटेगी और सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा मिलेगा। मुख्यमंत्री का कहना है कि राजधानी को जीरो एमिशन शहर बनाने की दिशा में यह एक अहम कदम हो सकता है।
ई-रिक्शा के लिए नई गाइडलाइन जल्द
दिल्ली में ई-रिक्शा की संख्या लगातार बढ़ रही है। हालांकि ये प्रदूषण नहीं फैलाते, लेकिन अनियंत्रित संचालन के कारण कई जगहों पर ट्रैफिक जाम की बड़ी वजह बनते हैं। ट्रैफिक जाम के चलते वाहन ज्यादा समय तक चलते रहते हैं, जिससे ईंधन की खपत और प्रदूषण दोनों बढ़ते हैं।
इस समस्या से निपटने के लिए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने ऐलान किया है कि सरकार जल्द ही नई ई-रिक्शा गाइडलाइन जारी करेगी। इसके तहत ई-रिक्शा के संचालन क्षेत्र और रूट तय किए जाएंगे, ताकि ट्रैफिक बाधित न हो और सड़कों पर आवाजाही सुचारू बनी रहे।
DTC बसों के रूट होंगे और मजबूत
सार्वजनिक परिवहन को मजबूत करना भी सरकार की प्राथमिकता में शामिल है। मुख्यमंत्री ने दिल्ली परिवहन निगम (DTC) की बस सेवाओं के रूट को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए हैं। उनका कहना है कि DTC बसों की पहुंच दिल्ली के हर इलाके और हर गली तक होनी चाहिए।
रूटों के वैज्ञानिक और युक्तिसंगत पुनर्गठन से आखिरी छोर तक कनेक्टिविटी बेहतर होगी। इससे लोग निजी वाहनों की जगह सार्वजनिक बसों का इस्तेमाल करेंगे, जिससे प्रदूषण कम होगा।
कड़े फैसलों से पीछे नहीं हटेगी सरकार
मुख्यमंत्री ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और इन फैसलों को तत्काल प्रभाव से लागू करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार प्रदूषण के खिलाफ एक व्यापक और बहुआयामी लड़ाई लड़ रही है।
सीएम का साफ संदेश है कि पर्यावरण की सुरक्षा के लिए कठोर से कठोर फैसले लेने से सरकार पीछे नहीं हटेगी। नियम तोड़ने वालों पर जुर्माना और कानूनी कार्रवाई तय है।
जनवरी में आ सकती है नई EV पॉलिसी
दिल्ली सरकार से जुड़े सूत्रों के मुताबिक जनवरी के पहले हफ्ते में नई इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) पॉलिसी का ड्राफ्ट सामने आ सकता है। इस पॉलिसी में खासतौर पर मिडिल क्लास को राहत देने की तैयारी है।
सूत्रों के अनुसार, दोपहिया पेट्रोल वाहन को इलेक्ट्रिक में बदलने पर 35 से 40 हजार रुपये तक की सब्सिडी मिल सकती है। इसके अलावा पेट्रोल-डीजल से चलने वाले चार पहिया वाहन मालिकों को भी EV में शिफ्ट करने पर 20 लाख रुपये तक की कीमत वाले वाहनों पर सब्सिडी दिए जाने की योजना है।
दिल्ली सरकार का यह पूरा एक्शन प्लान साफ संकेत देता है कि अब प्रदूषण को लेकर ढिलाई नहीं बरती जाएगी। सख्त नियम, बेहतर सार्वजनिक परिवहन, इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा और निजी भागीदारी — इन सभी कदमों से सरकार राजधानी को साफ हवा देने की दिशा में आगे बढ़ती दिख रही है। आने वाले महीनों में यह देखना अहम होगा कि ये फैसले जमीन पर कितने प्रभावी साबित होते हैं।
यह भी पढ़े :
हुमायूं कबीर ने किया पार्टी के नाम का ऐलान,जनता उन्नयन पार्टी का गठन



