रिपोर्ट @ जुहैब अहमद : जैबी
कानपुर के जूही थाना क्षेत्र स्थित विनोबा नगर राखी मंडी इलाके में शुक्रवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब प्राइमस एंटरप्राइजेज नामक मोटरसाइकिल के वाइजर और प्लास्टिक पार्ट्स बनाने वाली फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और इलाके में धुएं का काला गुबार आसमान में फैल गया।
घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्रीय लोगों ने पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद करीब 7 दमकल गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि आग से लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
घनी आबादी के बीच फैक्ट्री होने के कारण बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए। आग लगने की खबर पूरे जूही क्षेत्र में तेजी से फैल गई, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
आग की गंभीरता को देखते हुए प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी घटना का संज्ञान लिया और संबंधित अधिकारियों को राहत एवं सहायता कार्य तेजी से करने के निर्देश दिए।
क्षेत्रीय पार्षद सुनील कनौजिया ने बताया कि राखी मंडी इलाके में बड़ी संख्या में प्लास्टिक के गोदाम संचालित हो रहे हैं, जो भविष्य में किसी बड़े हादसे की वजह बन सकते हैं। उन्होंने प्रशासन से ऐसे गोदामों और फैक्ट्रियों की सुरक्षा व्यवस्था की जांच कराने की मांग की।
वहीं फैक्ट्री के पड़ोस में प्लास्टिक बोरी का गोदाम संचालित करने वाले धरोहर लाल शुक्ला ने बताया कि फैक्ट्री की छत पर लोहे की वेल्डिंग का काम चल रहा था। इस दौरान कई बार सावधानी बरतने की चेतावनी दी गई थी, लेकिन लापरवाही के चलते वेल्डिंग की चिंगारी नीचे गिर गई, जिससे आग भड़क उठी और कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) दीपक शर्मा ने बताया कि आग की सूचना मिलते ही संवेदनशीलता को देखते हुए तत्काल दमकल टीमों को रवाना किया गया। रिहायशी और व्यावसायिक क्षेत्र होने के कारण विशेष सतर्कता बरती गई और समय रहते आग पर काबू पा लिया गया।



