बिजनौर। नजीबाबाद तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान शनिवार को उस समय माहौल गर्मा गया, जब नजीबाबाद ब्लॉक प्रमुख तपराज सिंह ने लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने विभागीय कार्यों में अनियमितता बरते जाने तथा करोड़ों रुपये के सरकारी धन के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए अधिकारियों को कठघरे में खड़ा किया।
ब्लॉक प्रमुख तपराज सिंह ग्रामीणों के साथ तहसील दिवस में पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी (CDO) के समक्ष कहा कि क्षेत्र में कई विकास कार्यों में भारी अनियमितताएं हुई हैं। उनका आरोप था कि विभाग द्वारा करीब पांच करोड़ रुपये की धनराशि खर्च दर्शाई गई है, जबकि कई कार्य धरातल पर दिखाई नहीं दे रहे हैं। उन्होंने मामले की उच्चस्तरीय जांच कराए जाने की मांग भी उठाई।
तहसील दिवस के दौरान ब्लॉक प्रमुख और विभागीय अधिकारियों के बीच तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली। ब्लॉक प्रमुख ने अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए जनता के धन के दुरुपयोग का आरोप लगाया। वहीं, मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों ने शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जांच कराने का आश्वासन दिया।
घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें ब्लॉक प्रमुख विभागीय अधिकारियों के खिलाफ नाराजगी व्यक्त करते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।
हालांकि, समाचार लिखे जाने तक लोक निर्माण विभाग की ओर से आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी गई थी। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि प्राप्त शिकायतों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।




