कानपुर। रेलवे यात्रियों को निशाना बनाकर लूटपाट की वारदातों को अंजाम देने वाले दो शातिर बदमाशों को जीआरपी ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोहित और राजू के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से लूट के तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। जीआरपी अब दोनों के आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है और गिरोह से जुड़े अन्य साथियों की तलाश में जुटी हुई है।
आउटर क्षेत्र में देते थे वारदात को अंजाम
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन के आउटर क्षेत्र में सक्रिय थे। ये रात के समय गुजरने वाली ट्रेनों को अपना निशाना बनाते थे। जैसे ही आउटर पर किसी ट्रेन की रफ्तार धीमी होती थी, दोनों बदमाश यात्रियों के मोबाइल फोन और बैग छीनकर फरार हो जाते थे। उनकी गतिविधियों से यात्रियों में लगातार भय का माहौल बना हुआ था।
जीआरपी द्वारा रेलवे स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों में चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान दोनों आरोपियों को दबोच लिया गया। तलाशी के दौरान उनके पास से तीन मोबाइल फोन बरामद हुए। पुलिस बरामद मोबाइलों के संबंध में जानकारी जुटा रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि ये मोबाइल किन यात्रियों से लूटे गए थे।
शातिर आरोपियों का खंगाला जा रहा आपराधिक इतिहास
जीआरपी अधिकारियों ने बताया कि दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। उनके आपराधिक रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि वे पहले भी ऐसी घटनाओं में शामिल रहे हैं या नहीं। साथ ही पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं आरोपियों से पूछताछ के दौरान रेलवे क्षेत्र में हुई अन्य लूट और चोरी की घटनाओं का भी खुलासा हो सकता है।




