पूर्व सांसद सत्यदेव पचौरी और CBSE सिटी कोऑर्डिनेटर बलविंदर सिंह रहे मुख्य अतिथि, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
कानपुर के रतनलाल नगर स्थित दून इंटरनेशनल स्कूल में विद्यालय का स्थापना दिवस बड़े उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर मातृ दिवस समारोह का आयोजन किया गया, वहीं विद्यालय की वार्षिक पत्रिका ‘दून दर्पण’ का भव्य विमोचन भी संपन्न हुआ। कार्यक्रम में शिक्षा, संस्कृति और सामाजिक समरसता की सुंदर झलक देखने को मिली।
समारोह के मुख्य अतिथि पूर्व सांसद सत्यदेव पचौरी तथा सीबीएसई सिटी कोऑर्डिनेटर एवं गुरु नानक मॉडर्न स्कूल के प्राचार्य सरदार बलविंदर सिंह रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों के साथ विद्यालय निदेशक अमरप्रीत सिंह, प्रबंधक हर्षप्रीत सिंह, वाइस चेयरपर्सन सुरजीत सिंह, प्राचार्या डॉ. कृष्णा चौहान, उप प्राचार्या मोनिका जॉन, हेड मिस्ट्रेस पूजा कपूर एवं सीनियर कोऑर्डिनेटर डॉ. राम पंजवानी द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
विद्यालय के विद्यार्थियों ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया। इसके बाद विद्यालय की शिक्षिकाओं दीपिका, अलका द्विवेदी एवं सृष्टि मैम द्वारा सर्वधर्म सद्भावना पर आधारित आकर्षक नृत्य प्रस्तुति दी गई, जिसे उपस्थित लोगों ने खूब सराहा। कक्षा 11 की छात्राओं ने मातृ दिवस के उपलक्ष्य में “माँ मुझे आँचल में छिपा ले” गीत प्रस्तुत कर भावुक माहौल बना दिया।
कार्यक्रम में धार्मिक समरसता और आध्यात्मिकता की भी झलक देखने को मिली। सनप्रीत कौर मैम ने गुरु ग्रंथ साहिब के अंश का पाठ किया, जबकि उप प्राचार्या मोनिका जॉन ने पवित्र बाइबिल के अंश सुनाए। वहीं डॉ. राम पंजवानी ने श्रीमद्भगवद्गीता के श्लोकों का पाठ कर उपस्थित लोगों को प्रेरित किया। विद्यालय की शिक्षिकाओं राधिका, संगीता खन्ना, मीनाक्षी शुक्ला, पारुल नरूला और सुरिंदर कौर ने माँ की महिमा पर अपने विचार व्यक्त करते हुए मातृत्व के महत्व को रेखांकित किया।
मुख्य अतिथि सत्यदेव पचौरी ने अपने संबोधन में कहा कि दून इंटरनेशनल स्कूल ने शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही समाज और राष्ट्र के विकास का सबसे मजबूत माध्यम है तथा विद्यालय द्वारा किया जा रहा यह प्रयास क्षेत्र और समाज की उन्नति में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
विद्यालय निदेशक अमरप्रीत सिंह ने ‘दून दर्पण’ पत्रिका के विमोचन पर कहा कि यह पत्रिका विद्यार्थियों की प्रतिभा, रचनात्मकता और उपलब्धियों का प्रतिबिंब है। उन्होंने कहा कि विद्यालय हमेशा बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध रहेगा। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया। पूरे समारोह में विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।



